आगरा। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आगरा के वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर पाराशर को राजस्थान प्रदेश का सह-प्रभारी मनोनीत किया है। यह घोषणा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता द्वारा आगरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की गई।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसोसिएशन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं राजस्थान प्रदेश प्रभारी अतुल कपूर ने बताया कि राजस्थान में संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में श्याम सुंदर पाराशर की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और पत्रकारिता क्षेत्र में व्यापक संपर्कों से प्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि श्याम सुंदर पाराशर संगठन की स्थापना काल से ही सक्रिय सदस्य रहे हैं और उनकी गणना वरिष्ठतम एवं प्रतिबद्ध पत्रकारों में की जाती है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण उन्हें इस दायित्व के लिए उपयुक्त बनाता है।
राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष शेखर चंद जैन एवं प्रदेश महासचिव राजेश मेहता ने इस मनोनयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पाराशर के मार्गदर्शन में राजस्थान में संगठन का विस्तार तेजी से होगा तथा विभिन्न जिलों में जिला अध्यक्षों के मनोनयन एवं संगठनात्मक संरचना को मजबूत करने में उनके अनुभव का विशेष लाभ मिलेगा।

संगठन से जुड़े पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में राजस्थान इकाई नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।





