आगरा: राज्यसभा सांसद नवीन जैन के लगातार प्रयासों से रेल मंत्रालय ने बड़ी घोषणा की है। रायपुर–जबलपुर के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 11701/11702 (रायपुर–जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस) का नाम अब आधिकारिक तौर पर मूकमाटी एक्सप्रेस कर दिया गया है। रेलवे बोर्ड ने 7 जनवरी 2026 को इस संबंध में आदेश संख्या 2026/CHG/36/01 जारी कर दिया है।
इस आदेश के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR, बिलासपुर) और पश्चिम मध्य रेलवे (WCR, जबलपुर) को नाम परिवर्तन को तत्काल प्रभाव से लागू करने और इसका व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए गए हैं।
पृष्ठभूमि और प्रयास
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने 1 अक्टूबर 2025 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर औपचारिक ज्ञापन सौंपा था। इसमें उन्होंने दिगंबर जैन संत आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज जी की अमर स्मृति को जीवंत रखने के लिए ट्रेन का नाम ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ रखने की मांग की थी। ‘मूकमाटी’ आचार्य विद्यासागर महाराज द्वारा रचित प्रसिद्ध हिंदी महाकाव्य का नाम है, जो उनकी literary और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है।
यह मांग केवल एक व्यक्ति या क्षेत्र तक सीमित नहीं थी, बल्कि देशभर के जैन समाज और श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ी हुई थी। रेल मंत्रालय द्वारा मांग स्वीकार करने पर जैन समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जैन समाज की प्रतिक्रिया
इस निर्णय को राष्ट्र संत आचार्य विद्यासागर महाराज के प्रति श्रद्धांजलि और सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है। सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों ने सांसद नवीन जैन के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। जैन समाज की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद ज्ञापित किया गया है।
ट्रेन की जानकारी रायपुर
जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण ट्रेन है। अब ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ नाम से यह ट्रेन यात्रियों को न केवल सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि आचार्य विद्यासागर महाराज की शिक्षाओं और साहित्यिक योगदान को भी याद दिलाती रहेगी।





