जिला नजर | संवाददाता – सुशील गुप्ता
फतेहाबाद/आगरा। क्षेत्र में 23 सड़कों के नवनिर्माण और कायाकल्प को स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं पर 24 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत आएगी। क्षेत्रीय सांसद राजकुमार चाहर के प्रयासों से लोकसभा क्षेत्र में कुल 47 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
सांसद राजकुमार चाहर द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, यह स्वीकृति वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य सड़क निधि योजना के तहत प्रदान की गई है। धनराशि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर स्वीकृत की गई है। सभी मार्गों का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराया जाएगा।
सांसद चाहर ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इससे ग्रामीण अंचलों को बेहतर संपर्क मार्ग मिलेंगे और आमजन को आवागमन में बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।
स्वीकृत परियोजनाओं में श्यामो बमरौली कटारा से सोनागढ़ी तक मार्ग, इस्लामपुर से नगला बड़ा होते हुए विजय मल्हेला तक मार्ग, गढ़ी ठाकुरदास रोड (रोहता नहर पटरी) से पीटर्स इंटर कॉलेज यूनिट-2 तक मार्ग शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, बरौली गूजर से ठार पारौली, ठार किशनलाल एवं ठार गंगाराम तक मार्ग और जरार हनुमान मंदिर से एस.आर. इंटर कॉलेज तक छूटी कड़ी का निर्माण भी किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में विकास को गति मिलेगी। साथ ही, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।























