एमपी ट्रांसको का बड़ा कदम—18 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा बेहतर वोल्टेज और निर्बाध आपूर्ति
मुरैना/मप्र । मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने जिले की विद्युत पारेषण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि 132 केवी जौरा सबस्टेशन में 20 एमवीए के पुराने पावर ट्रांसफार्मर के स्थान पर 50 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर ऊर्जीकृत किया गया है।
इस उन्नयन से न केवल विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता और स्थिरता में सुधार होगा, बल्कि उपभोक्ताओं को उचित वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली भी मिल सकेगी। मंत्री श्री तोमर ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि इससे औद्योगिक, कृषि और घरेलू उपभोक्ताओं को विशेष लाभ मिलेगा और भविष्य की बढ़ती मांग को पूरा करना भी आसान होगा।
इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को सीधा लाभ
एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता श्री राजीव तोतला के अनुसार, इस नए ट्रांसफार्मर से कुम्हेरी, जौरा, सुमावली, सांकरा, सिटी जौरा, चिन्नोनी, नवोदय और बागचीनी सहित आसपास के करीब 18 हजार उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।
जिले की क्षमता बढ़कर 1482 एमवीए पहुंची
इस अपग्रेड के बाद जौरा सबस्टेशन की क्षमता 113 एमवीए हो गई है, जबकि जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 1482 एमवीए तक पहुंच गई है। इससे मुरैना जिले में विद्युत आपूर्ति अधिक विश्वसनीय और मजबूत हो सकेगी।























