सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण, अपार आईडी प्रगति एवं शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार पर दिया विशेष जोर

मुरैना/मप्र।  कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, मुरैना में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं तथा आगामी सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एस. इंदौलिया, डीपीसी श्री हरीश तिवारी सहित बीईओ, बीआरसी, बीएसी एवं सीएसी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 28 फरवरी को देशव्यापी सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अंतर्गत कक्षा 7 एवं 8 की 14–15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं को निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षक बोर्ड परीक्षाओं के दौरान भी छात्राओं एवं अभिभावकों को अभियान के प्रति जागरूक करें तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अपार आईडी निर्माण की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए समस्त सीएसी एवं बीएसी को विशेष अभियान चलाकर स्थिति में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाला विकास निधि की उपलब्ध राशि का उपयोग 15 मार्च तक आवश्यक शैक्षणिक एवं आधारभूत कार्यों—जैसे ग्रीन बोर्ड स्थापना एवं अन्य आवश्यक मरम्मत—में किया जाए, ताकि राशि लैप्स न हो।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सीएसी एवं बीएसी नियमित रूप से अधीनस्थ विद्यालयों का निरीक्षण करें, अभिभावक संपर्क पंजी का अवलोकन करें तथा कम उपस्थिति वाले छात्रों के पालकों से संपर्क कर उन्हें विद्यालय भेजने हेतु प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यदि अभिभावक संपर्क पंजी संधारित नहीं पाया गया अथवा संपर्क नहीं किया गया तो संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अभ्यास पुस्तिकाओं के नियमित परीक्षण, गुणवत्तापूर्ण अध्यापन तथा विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास पर विशेष जोर देते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र छात्र तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने मिशन अंकुर, शौचालय मरम्मत, पेयजल व्यवस्था एवं विशेष रूप से आकांक्षी विकासखंड पहाड़गढ़ के सभी विद्यालयों में 20 मार्च तक बालिका शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को विद्यालय भ्रमण की संख्या बढ़ाने, जन शिक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा शिक्षकों द्वारा उत्कृष्ट अध्यापन पद्धतियों के वीडियो साझा कर परस्पर सीखने की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को समन्वित प्रयासों के माध्यम से निर्धारित समय-सीमा में सभी लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

• जिला ब्यूरो चीफ मुरैना मुहम्मद इसरार खान

"गांव से शहर तक, गलियों से सड़क तक- आपके इलाके की हर धड़कन को सुनता है "जिला नजर" न्यूज़ नेटवर्क: नजरिया सच का

error: Content is protected !!
Exit mobile version