मथुरा।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जागरूकता समिति (रजि.) उत्तर प्रदेश की ओर से होटल निविश्का इन, बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज रोड पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बलदेव क्षेत्र के विधायक पूरन प्रकाश मुख्य अतिथि तथा नगर निगम वार्ड-45 की पार्षद रेनू चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।कार्यक्रम की शुरुआत उत्कृष्ट कार्य करने वाली युवतियों द्वारा केक काटकर की गई। इस दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं और युवतियों को सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। उनके कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और ऐसे प्रयासों को सम्मानित किया जाना जरूरी है।विशिष्ट अतिथि पार्षद रेनू चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में बेटियां समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिला दिवस पर ऐसी प्रतिभाओं को सम्मानित करना गर्व की बात है।महिला प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद श्वेता शर्मा ने कहा कि समिति की महिला टीम उन बेटियों को सम्मानित कर रही है जिन्होंने अपने दम पर समाज में अलग पहचान बनाई है और दूसरों के लिए प्रेरणा बनी हैं।समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने बताया कि संस्था समाज के लिए विशेष कार्य करने वाले लोगों को लगातार सम्मानित करती रही है। अब तक लगभग 3000 लोगों को सम्मानित किया जा चुका है। इसी क्रम में महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बेटियों को सम्मानित किया गया।सम्मानित होने वालों में नम्रता सिंह को संगीत के क्षेत्र में, शिवांगी चौधरी (पत्रकार) को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को उठाने के लिए, अंकिता शर्मा को वंचित बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने के लिए, अंजली मिश्रा (पत्रकार) को प्रिंट मीडिया के माध्यम से जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए, मांडवी चौधरी को स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार सृजन के लिए तथा पूजा वर्मा को साधारण बीमा के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने के लिए सम्मानित किया गया।इस अवसर पर विधायक पूरन प्रकाश ने प्रशस्ति पत्र, महिला प्रदेश अध्यक्ष श्वेता शर्मा ने पगड़ी, पार्षद रेनू चौधरी ने फूलमाला और संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने उपहार देकर सभी बेटियों का सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम में पूर्व पार्षद तिलक चौधरी, गगन अग्रवाल, रवि चौधरी और हेमंत अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

























