• जयपुर के प्रसिद्ध मंदिर में भजनों की गूंज सुन भावुक हुईं लोक गायिका व भाजपा विधायक,
• वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
जयपुर/राज.। जयपुर के ऐतिहासिक और सुप्रसिद्ध आराध्य देव गोविंददेवजी मंदिर में उस समय अत्यंत भावुक और आध्यात्मिक दृश्य देखने को मिला, जब बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका और दरभंगा के अलीनगर से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर भगवान के दर्शन के दौरान भक्ति भाव में डूबकर रो पड़ीं। मंदिर में गूंज रहे भजनों, घंटियों और भक्तों की तालियों की मधुर ध्वनि ने ऐसा भक्तिमय वातावरण बना दिया कि वे स्वयं को संभाल नहीं सकीं और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे।
मैथिली ठाकुर अपने दोनों भाइयों ऋषभ और अयाची के साथ मंदिर में दर्शन करने पहुंची थीं। इसी दौरान जब भक्तगण भावपूर्ण भजन “आज तो नवेली राधा गोरल पूजण आई छै…” गा रहे थे, तो उस भक्ति रस में डूबी वातावरण ने उनके हृदय को गहराई से छू लिया।
बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भावना व्यक्त करते हुए लिखा कि उन्होंने आज तक ऐसा दिव्य अनुभव कभी नहीं किया था। गोविंददेवजी मंदिर का आध्यात्मिक वातावरण और भक्तों की भक्ति ने उनके मन को इतना स्पर्श किया कि भावनाओं पर नियंत्रण रखना मुश्किल हो गया।
इस भावुक क्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग इसे सच्ची भक्ति और आस्था का अद्भुत उदाहरण बता रहे हैं।























