आगरा। आगरा–भरतपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित विभिन्न चौराहों एवं कटों पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और मौतों के आंकड़ों को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू कराने हेतु सुझावों सहित एक ज्ञापन सांसद राजकुमार चाहर को सौंपा गया।
ज्ञापन में अवगत कराया गया कि किरावली चौराहा से लेकर पाली, चौमा और शाहपुर कट तक वर्ष 2025 के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में लगभग दो दर्जन महिला-पुरुषों की अकाल मृत्यु हो चुकी है। इन हादसों के पीछे चौराहों और कटों पर समुचित ट्रैफिक प्रबंधन, स्पष्ट रोड मार्किंग और संकेतकों की कमी को प्रमुख कारण बताया गया।
प्रस्ताव में यह भी मांग की गई कि भरतपुर के सरस चौराहा एवं ऊंचा नगला की तर्ज पर प्रत्येक कट और चौराहे पर पीबीएम (पेंटेड रोड मार्किंग) सहित रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड, स्पीड कंट्रोल उपाय, स्ट्रीट लाइटिंग तथा डिवाइडर सुधार जैसे सुरक्षा मानक तत्काल लागू किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
सांसद राजकुमार चाहर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों ने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे आमजन की जान की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
- रिपोर्ट – दिलशाद समीर





