फतेहपुर सीकरी/आगरा: ग्राम निनवाया नगरिया में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से चिकित्सा अधीक्षक द्वारा नियमित टीकाकरण सत्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली, टीकाकरण की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं से बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण से संबंधित हेड-काउंट सर्वे और ड्यू-लिस्ट की जानकारी ली गई। टीकाकरण की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था की जांच की गई तथा वैक्सीन कैरियर के तापमान का परीक्षण किया गया।
इसके अलावा टीकाकरण कार्ड एवं टैली शीट के रखरखाव की जांच करते हुए रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी टीकाकरण से वंचित न रहे। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर समय पर टीकाकरण कराने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
- रिपोर्ट – दिलशाद समीर

