आगरा। आगरा में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन आमने-सामने आ गए हैं। सफाई कर्मचारियों की भर्ती पर दिए गए सांसद के बयान पर मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने पलटवार करते हुए साफ कर दिया है कि भर्तियां नगर निगम की जरूरतों के मुताबिक होंगी, किसी के दबाव में नहीं।
हाल ही में 17 जुलाई को राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने नगर निगम में धरना देते हुए कहा था कि “आगरा स्मार्ट सिटी नहीं बल्कि नरक सिटी बन चुकी है। शहर में चारों ओर कूड़े के ढेर लगे हैं। 100 वार्डों के हिसाब से सफाई कर्मचारियों की संख्या बेहद कम है। नगर निगम को तत्काल साढ़े तीन हजार नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती करनी चाहिए।”
मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “रामजीलाल सुमन वरिष्ठ सांसद हैं, लेकिन नगर निगम में आकर हमारी कार्यशैली पर सवाल उठाना ठीक नहीं है। जहां जरूरत होगी, नगर निगम खुद भर्तियां करेगा। यह सरकारी भर्ती नहीं है कि किसी के कहने पर की जाए। हम अपनी कार्ययोजना और सुविधा के अनुसार ही सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति करेंगे।”
अब देखना होगा कि सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम और सांसद के बीच यह टकराव कितना आगे बढ़ता है।
———–