फतेहाबाद/आगरा: थाना निबोहरा क्षेत्र के अंतर्गत शिवशक्ति कोल्ड स्टोरेज पर काम करते समय एक राजमिस्त्री की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अहीरपुरा निवासी 55 वर्षीय दयासिंह पुत्र चैनसुख शिवशक्ति कोल्ड स्टोरेज निबोहरा रोड पर चिनाई का कार्य कर रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह शौचालय निर्माण के दौरान लोहे की एंगिल लगा रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से उन्हें तेज करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना निबोहरा प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक की लहर है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





