जिला नजर| संवाददाता -सुशील गुप्ता
फतेहाबाद/आगरा। कस्वा के अवंती बाई चौक स्थित एक कार मैकेनिक गैरेज में रविवार दोपहर करीब 12 बजे भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गैरेज में बेल्डिंग का कार्य करते समय एक टैंक से गैस रिसाव होने के कारण आग भड़क उठी।
जानकारी के अनुसार गैरेज में खड़ी एक ईको कार के पास बेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान टैंक से गैस लीक होने पर चिंगारी लगते ही आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी एक अन्य कार, एक वैन और एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उस समय गैरिज के मालिक सनी और आमिर नामक युवक कार्य कर रहे थे। अचानक आग की लपटें उठने से सनी का चेहरा झुलस गया, जबकि आमिर का हाथ झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को बाहर निकाला और आग बुझाने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही थाना फतेहाबाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास की अन्य दुकानों को भी नुकसान हो सकता था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग से गैरेज संचालक को भारी आर्थिक नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।























