फतेहाबाद/आगरा (संवाददाता )। रंग पंचमी के अवसर पर फतेहाबाद महिला मंडल द्वारा आजाद गली स्थित मीना रमाकांत के निवास पर होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम केंद्रीय संयोजिका रेनू संजय अनवारिया के नेतृत्व में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत ईश वंदना और संकल्प गीत के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सभी बहनों का गुलाल, होली की टोपी और मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता शल्या, मंडल अध्यक्ष ममता राकेश और केंद्रीय संयोजिका शिवानी सराफ सहित कई महिलाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में महिलाओं ने होली के रसिया और पारंपरिक गीत गाकर माहौल को रंगीन बना दिया। फूलों की होली खेली गई और सभी ने नृत्य का आनंद लिया। साथ ही तंबोला और विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन हुआ, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी प्रस्तुत कर नृत्य किया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और स्वल्पाहार का आनंद लिया।























