• सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो सामने आने के बाद भड़की भीड़,
• पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महंत को बचाया; मामले की जांच शुरू
कानपुर। यूपी के जनपद कानपुर के रावतपुर क्षेत्र में स्थित भूतेश्वर मंदिर से जुड़ा एक विवादित मामला सामने आया है, जहां मंदिर के महंत का नॉनवेज खाते हुए कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित भक्तों ने महंत की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह महंत को भीड़ के बीच से निकालकर सुरक्षित थाने पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार प्रशांत गिरी उर्फ गोलू पंडित भूतेश्वर मंदिर के महंत हैं और मंदिर परिसर में बने कमरे में ही रहते हैं। बीते दिनों उनका एक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्हें कथित रूप से नॉनवेज खाते हुए देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में नाराजगी बढ़ गई और कई लोगों ने इसे धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ बताया।
बताया जा रहा है कि देर रात जब महंत मंदिर परिसर में मौजूद थे, तभी कुछ लोग वहां पहुंच गए और बहस के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर महंत की पिटाई कर दी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और महंत को भीड़ से बचाकर रावतपुर थाने ले आई। पिटाई के दौरान उन्हें कई जगह चोटें आई हैं। महंत गोलू पंडित ने इस मामले में थाने में तहरीर दी है।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























