फतेहाबाद/आगरा: निबोहरा थाना क्षेत्र के गांव पूरा हरसुख में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गृह क्लेश के चलते एक मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मनोज पुत्र जगदीश (उम्र करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोज ने अपने घर के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर कैमरा/छज्जे के अंदर फांसी लगा ली। परिजनों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पर ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतक मनोज राजमिस्त्री का कार्य करता था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी को लगभग 10 वर्ष हो चुके थे। मृतक अपने पीछे पत्नी रेनू और चार छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद पत्नी रेनू का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार मनोज पिछले कुछ समय से घरेलू कलह को लेकर परेशान चल रहा था, इसी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

