• बच्ची को गोद लिया था, पुलिस करा रही मेडिकल, महिला को भेज रही जेल
आगरा। सदर क्षेत्र में आठ साल की बच्ची से उसकी कलयुगी मां अवैध धंधा करा रही थी। बच्ची मना करती तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। बच्ची ने हिम्मत दिखाई और मां और भाइयों को कमरे में बंद कर भाग आई। राहगीर की मदद से उसकी गुहार पुलिस तक पहुंची। थाना सदर पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा हडकंप
रविवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में बच्ची अपनी मां और दो भाइयों पर यातनाएं देकर जबरन देह व्यापार कराने का आरोप लगा रही थी। उसके शरीर की चोटें किसी को भी विचलित करने वाली थीं। कुछ ही देर में वीडियो चर्चा में आ गया।
पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
इंस्पेक्टर सदर विजय विक्रम सिंह ने मामले की जानकारी ली। तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्ची की मां को गिरफ्तार कर लिया। उसके अन्य दो भाइयों की तलाश की जा रही है। मामले में पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस करा रही बच्ची का मेडिकल
जांच में सामने आया है कि बच्ची को आरोपित महिला ने दो साल पहले गोद लिया था। उसकी नीयत में शुरू से ही खोट था। बच्ची के बयानों से उसके द्वारा गलत कार्य कराए जाने की पुष्टि हो रही है। बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है
_________