कैराना (शामली): सपा सांसद इकरा हसन पर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस विवाद में अब हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष रोहित प्रधान सहित 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं विवाद बढ़ने के बाद संगठन के प्रमुख ने सांसद इकरा हसन से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।

जानकारी के मुताबिक, बीते दिनों छापरा गांव के शिव मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के विरोध में रोहित प्रधान अपने साथियों के साथ धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने फेसबुक पर लाइव वीडियो किया, जिसमें सांसद इकरा हसन और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां और नारेबाजी की गई। वीडियो के वायरल होने के बाद रालोद कार्यकर्ताओं ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने दैदपुरा निवासी सुरेंद्र सिंह की शिकायत पर रोहित प्रधान सहित 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मामला गरमाता देख रोहित प्रधान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से विवादित वीडियो डिलीट कर दिया और माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा किसी भी तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया गया, बल्कि “हर-हर महादेव” के नारे लगाए गए थे। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि उनके साथ मौजूद कुछ युवकों ने अनुचित शब्दों का प्रयोग किया, जिसके लिए वे क्षमा प्रार्थी हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी जनप्रतिनिधि का अपमान करना नहीं, बल्कि मंदिर में हुई तोड़फोड़ का विरोध करना था।

गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब सांसद इकरा हसन को लेकर विवाद हुआ हो। इससे पहले करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर योगेंद्र सिंह राणा ने भी उन्हें शादी का प्रस्ताव देते हुए विवादित बयान दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version