समाचार सार:

• जगन्नाथ सेवा समिति ने फतेहाबाद में अन्नपूर्णा रसोई का शुभारंभ किया। यह रसोई निर्धन लोगों को मात्र ₹10 में भरपेट भोजन उपलब्ध कराएगी, जिससे उन्हें आत्मसम्मान के साथ भोजन मिल सके। रसोई हर दिन सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगी।

• शुभारंभ अवसर पर समिति ने नि:शुल्क शव वाहन सेवा की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता शल्या समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट 🔹सुशील गुप्ता

फतेहाबाद/आगरा। समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कस्बा फतेहाबाद की जगन्नाथ सेवा समिति ने शुक्रवार को अन्नपूर्णा रसोई की शुरुआत की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों को मात्र ₹10 में आत्मसम्मान के साथ भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

यह रसोई फतेहाबाद के बाह रोड पर संचालित की जा रही है, जहां प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक भोजन की व्यवस्था रहेगी। समिति के अध्यक्ष अर्पित गुप्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज में किसी भी व्यक्ति को भूखा न सोने देना है, साथ ही आत्मसम्मान को बनाए रखते हुए उन्हें भोजन उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत फतेहाबाद की अध्यक्ष बबीता रवि प्रकाश शल्या ने इस प्रयास की सराहना करते हुए संस्था को शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसी पहलों से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।

समिति पूर्व में भी कई जनसेवामूलक कार्य कर चुकी है, जिसमें नि:शुल्क शव वाहन सेवा भी शामिल है, जिससे अंतिम संस्कार स्थल तक शव ले जाने में लोगों को सहायता मिलती है।

इस अवसर पर समिति के सदस्य प्रवीण गुप्ता मोनू, नितिन गुप्ता, सुमित गुप्ता, प्रशांत बाबू, रोहित गुप्ता, कुंज बिहारी अग्रवाल, रवि प्रकाश शल्या सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


error: Content is protected !!
Exit mobile version