मथुरा राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर चल रहे मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत मंगलवार को लखनऊ विधानसभा के घेराव के लिए पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मथुरा से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में लखनऊ के लिए रवाना हुए थे।प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि “अब जनता जुल्म सहने वाली नहीं है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेंगे और इस तानाशाही सरकार को नेस्तनाबूद करने का काम करेंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा कानून को कमजोर कर इसे समाप्त करने की साजिश कर रही है, जो देश के सबसे गरीब लोगों के लिए गरिमा, सुरक्षा और जीवन-यापन की गारंटी है।गिरफ्तारी देने वालों में जिला महासचिव वैद्य मनोज गौड़, करन निषाद, हाशिम हुमेर, राजेश सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए राज्य सरकारों पर बोझ डालना चाहती है और मनरेगा में किए जा रहे बदलाव संघीय ढांचे को कमजोर करने का प्रयास हैं।कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल नहीं किया जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। पार्टी ने भाजपा सरकार की नीतियों को मजदूर विरोधी बताते हुए जनआंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version