🔹 मु. इसरार खान- जिला ब्यूरो चीफ
मुरैना/मप्र। जिले में दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान के तहत पशुपालकों को सशक्त बनाने और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अभियान के प्रथम चरण में 10 या इससे अधिक गाय व भैंस पालने वाले पशुपालकों से घर-घर जाकर संपर्क स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए जिले में 75 एनिमल वैलफेयर फील्ड ऑफिसर्स (ए.व्ही.एफ.ओ.) और 174 मैत्री कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की गई है, जो पशुपालकों को नस्ल सुधार, पशु पोषण, और पशु स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान कर रहे हैं। साथ ही, उन्हें पशुपालन के आर्थिक लाभों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में 03 अक्टूबर को उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. बी.के. शर्मा ने मुरैना विकासखंड के ग्राम पिपरई, जारह, और मैंथाना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा की और पशुपालकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके अनुभव सुने। डॉ. शर्मा ने पशुपालकों को पशुपालन के माध्यम से आय बढ़ाने के तौर-तरीकों और आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया।
यह अभियान न केवल पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायक होगा, बल्कि जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अधिक जानकारी के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मुरैना से संपर्क करें।