मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक नाबालिग युवती के साथ युवक के गेस्ट हाउस में मिलने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना पर कुछ सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।बताया जा रहा है कि युवती नागपुर की रहने वाली है। आरोप है कि युवक उसे अपने साथ लेकर मथुरा आया था और दोनों गेस्ट हाउस में पति-पत्नी के रूप में रुके हुए थे। गेस्ट हाउस में कमरा लेने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज लगाए जाने की भी बात सामने आई है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।मौके पर पहुंचीं एक संगठन की पदाधिकारी ने इसे “लव जिहाद” का मामला बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि युवती नाबालिग है और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है।वहीं युवती की नानी से संपर्क किए जाने पर उन्होंने दोनों को पुलिस के सुपुर्द करने की बात कही। जानकारी के अनुसार नागपुर में पहले से ही इस संबंध में मामला दर्ज है और नागपुर पुलिस टीम भी मथुरा पहुंचने की तैयारी में है।थाना कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। युवती की उम्र और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। यदि युवती नाबालिग पाई जाती है तो संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version