झांसी: जिले में एक कथित “लुटेरा दूल्हा” का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने पिछले छह साल में तीन शादियां कीं और हर बार दहेज में मिली नकदी व गहने हड़पकर पत्नियों को घर से निकाल दिया। चौथी शादी की तैयारी की जानकारी मिलते ही तीनों पत्नियां एसएसपी कार्यालय पहुंच गईं और कार्रवाई की मांग की।
मामला बबीना थाना क्षेत्र से जुड़ा है। तीनों महिलाओं ने पुलिस कप्तान को शिकायत देकर बताया कि युवक ने शादी के समय अपनी पिछली शादियों की जानकारी छिपाई और झांसा देकर विवाह किया। शादी के बाद दहेज की मांग, मारपीट और प्रताड़ना कर उन्हें घर से निकाल दिया गया। तीसरी पत्नी से आरोपी का एक बच्चा भी है।
पहली पत्नी का आरोप
पहली पत्नी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में ललितपुर जिले के लिधोरा गांव निवासी सुनील से हुई थी। दहेज में करीब 8 लाख रुपये नकद और जेवर दिए गए। कुछ महीनों बाद ही अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू हो गई और उसे मायके भेज दिया गया। बाद में तलाक का नोटिस भी भेजा गया। महिला के अनुसार मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
दूसरी पत्नी ने भी लगाए आरोप
दूसरी पत्नी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में हुई। शादी के बाद आरोपी ने सोने की चेन और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की। दहेज न मिलने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसने जखौरा थाने में शिकायत भी दर्ज कराई। बाद में उसे पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है और यह बात छिपाई गई थी।
तीसरी पत्नी और बच्ची को भी छोड़ा
तीसरी पत्नी, जो बबीना क्षेत्र की रहने वाली है, ने बताया कि उसकी शादी 2023 में हुई। शादी में करीब 8 लाख रुपये और जेवर दिए गए। बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से दो शादियां कर चुका है। गर्भावस्था के दौरान भी मारपीट की गई और दहेज के लिए घर से निकाल दिया गया। उसने एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन आरोपी ने अपनाने से इनकार कर दिया।
पुलिस का बयान
बबीना थाना प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि तीसरी पत्नी की तहरीर पर आरोपी सुनील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गई है। पुलिस ने तीनों महिलाओं को सुरक्षा और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
- रिपोर्ट – नेहा श्रीवास

