बाह/आगरा: आगरा जनपद के बाह थाना क्षेत्र के कुशवाह नगर, बिजौली गांव में एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है। मामूली विवाद के बाद दबंग पड़ोसियों ने एक परिवार के घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि बीच-बचाव करने आए तीन नाबालिग बच्चों को भी नहीं बख्शा गया। पीड़ित परिवार की युवती ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दबंगों ने उसके साथ छेड़छाड़ की, अभद्रता की और कपड़े फाड़ दिए।
घटना का विवरण
पीड़ित परिवार की सरिता देवी ने थाने पर तहरीर दी है। उनका कहना है कि वह अपने बच्चों के साथ घर में थीं। इसी दौरान गांव के भारत, अभिषेक और अमन नामक दबंग उनके घर में घुस आए। विरोध करने पर उन्होंने सरिता देवी और उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी, कपड़े फाड़ दिए और मारपीट की। मारपीट से बेटियों को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता ने बताया कि आरोपी पहले भी धमकी दे चुके हैं, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जी रहा है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों में भी आक्रोश है और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हमला पूर्व रंजिश का नतीजा है और महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है।
पुलिस की कार्रवाई
बाह थाना पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।





