अलीगंज। अलीगंज नगर में मंगलवार को दो स्थानों पर भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर नगरभर में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा। ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।

पहला प्राण प्रतिष्ठा समारोह अलीगंज के सरकारी अस्पताल परिसर स्थित शनि देव मंदिर में आयोजित किया गया, जहां नौ देवियों की प्राण प्रतिष्ठा कर विधिवत स्थापना की गई। वहीं दूसरी ओर, किला रोड स्थित सब्जी मंडी परिसर के मंदिर में भगवान शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। दोनों स्थानों पर धार्मिक अनुष्ठान पूरे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुए। प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में दोनों मंदिरों से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो गांधी मूर्ति चौराहा, मैन मार्केट, मातादीन चौराहा होते हुए सब्जी मंडी तक निकली।

शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाएं पारंपरिक परिधान में सुसज्जित थीं, वहीं पुरुषों ने ढोल-नगाड़ों की ताल पर नृत्य कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा के दौरान “जय श्रीराम”, “हर-हर महादेव” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा के उपरांत हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर धर्म और शांति की कामना की। हवन के धुएं से वातावरण सुगंधित और पवित्र हो गया।

अलीगंज में इस भव्य आयोजन ने लोगों में धार्मिक चेतना और सामूहिकता की भावना को और प्रबल किया। नगर के दोनों मंदिरों में देर शाम तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा और श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन के लिए उमड़ती रही। समारोह को सफल बनाने में मुकेश गुप्ता, अंकित गुप्ता, गीता गुप्ता, वंशिका गुप्ता, सुधीर गुप्ता, प्रमिला गुप्ता, अनिल कुमार, राजेश कुमार खन्ना, संजय गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

  • रिपोर्ट – सुनील गुप्ता
error: Content is protected !!
Exit mobile version