मथुरा, 14 फरवरी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर तथा राष्ट्रीय सचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय और उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के मार्गदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी, सेठबाड़ा स्थित कार्यालय पर “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान के दूसरे चरण को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि 20 वर्ष पूर्व यूपीए-1 सरकार द्वारा लागू किया गया महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम संविधान में निहित ‘काम के अधिकार’ को साकार करने वाला ऐतिहासिक कानून है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को गांव स्तर की परियोजनाओं पर निर्णय का अधिकार देकर पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाया गया। कोविड-19 महामारी के दौरान यह कानून ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जीवन रेखा साबित हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस कानून को कमजोर कर गरीबों के जीवन-यापन और गरिमा की गारंटी को समाप्त करने की साजिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी तब तक संघर्ष जारी रखेगी जब तक मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल नहीं किया जाता।

पहले चरण में हुए कार्यक्रम

मुकेश धनगर ने बताया कि 3 जनवरी से शुरू हुए “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत मथुरा में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए—

11 जनवरी को विकास मार्केट स्थित गांधी प्रतिमा पर एक दिवसीय उपवास और प्रतीकात्मक विरोध।

12 से 29 जनवरी तक प्रत्येक विधानसभा की ग्राम पंचायतों में चौपाल।

30 जनवरी को अहिंसा, संवैधानिक मूल्यों और काम के अधिकार के समर्थन में शांतिपूर्ण धरना।

6 फरवरी को राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन।

13 फरवरी को मनरेगा बचाओ पदयात्रा।


दूसरे चरण में विधानसभा घेराव

कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की कि अभियान के दूसरे चरण में 17 फरवरी को लखनऊ में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। मथुरा जनपद से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कूच करेंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि मनरेगा कानून में प्रस्तावित बदलाव संघीय ढांचे को कमजोर करने का प्रयास है और केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचना चाहती है।

प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद, पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि, जिला महासचिव वैद्य मनोज गौड़, जिला उपाध्यक्ष अप्रितम सक्सेना, राजन पाठक, श्रीमती गीता दिवाकर, बलवीर प्रधान, संजय चतुर्वेदी, निशु यादव, सतीश बघेल, रवि ठाकुर, विवेक धनगर, राजेश सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version