इगलास/अलीगढ(संवाददाता)। इगलास थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव का तबादला होने के बाद क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। अब नरेंद्र यादव को गोंडा थाना का चार्ज सौंपा गया है। स्थानांतरण की सूचना मिलते ही थाना परिसर में विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां स्थानीय लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और व्यापारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि नरेंद्र यादव ने अपने सरल स्वभाव, विनम्र व्यवहार और निष्पक्ष कार्यशैली से जनता के बीच खास पहचान बनाई। लोगों का कहना था कि उनके कार्यकाल में आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना और उनका समाधान किया गया, जिससे पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित हुआ।
विदाई समारोह में मौजूद लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नए कार्यस्थल पर भी इसी तरह निष्ठा और ईमानदारी से सेवा करने की शुभकामनाएं दीं।
वहीं नरेंद्र यादव ने भी इगलास क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां उन्हें जनता का भरपूर सहयोग और सम्मान मिला, जिसे वे जीवनभर याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनकी प्राथमिकता रहेगी।























