फतेहाबाद/आगरा: भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के 60 प्रशिक्षु अधिकारियों के दल ने शुक्रवार को फतेहाबाद क्षेत्र स्थित लुहारी वन क्षेत्र का भ्रमण कर यहां किए गए वृक्षारोपण और वन संरक्षण कार्यों का अवलोकन किया। प्रशिक्षु अधिकारियों का यह दल सुबह 9 बजे लुहारी पहुंचा और करीब दो घंटे तक वन क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली।
दल का नेतृत्व प्रशिक्षु अधिकारी दिव्यांशु सिंह कर रहे थे। इस दौरान अधिकारियों ने वर्ष 2016-17 में करीब 40 हेक्टेयर भूमि पर किए गए वृक्षारोपण कार्य का निरीक्षण किया और बेहड़ प्लांटेशन की स्थिति व उसके पर्यावरणीय महत्व को समझा। प्रशिक्षुओं ने क्षेत्र में पौधों के संरक्षण, विकास और वन प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी बारीकी से अध्ययन किया।
वन क्षेत्राधिकारी विशाल सिंह राठौर ने प्रशिक्षुओं को ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) क्षेत्र के अंतर्गत वन संरक्षण की भूमिका, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के प्रयासों और वृक्षारोपण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेहड़ क्षेत्रों में किया गया वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भूमि सुधार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने वन विभाग के कार्यों की सराहना की और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। निरीक्षण के बाद आईएफएस प्रशिक्षुओं का दल देहरादून के लिए रवाना हो गया।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





