बस्ती। प्रदेश सरकार ने मंगलवार देर शाम एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। इन्हीं में बस्ती जिले के जिलाधिकारी रवीश कुमार गुप्ता का भी नाम शामिल है। उन्हें अब मेरठ स्थित पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) का प्रबंध निदेशक (एमडी) बनाया गया है।

उनके स्थान पर आईएएस कृतिका ज्योत्सना को बस्ती की नई जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। कृतिका ज्योत्सना 2014 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और अब तक कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर अपनी कार्यकुशलता और तत्परता का परिचय दे चुकी हैं। वे एक कठोर अनुशासनप्रिय, तेजतर्रार और संवेदनशील अधिकारी मानी जाती हैं।

कृतिका ज्योत्सना ने अपने कार्यकाल में हमेशा जनहित को सर्वोपरि रखा है। पूर्व में उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता अभियान और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में सराहनीय पहलें की हैं। बस्ती जैसे तेजी से विकास की ओर बढ़ते जनपद में उनकी तैनाती को लेकर लोगों में उत्सुकता और उम्मीद दोनों है।

पूर्व जिलाधिकारी रवीश कुमार गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान जिले में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की प्रशासनिक संस्कृति को मजबूत किया। उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को सशक्त करते हुए जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया।

जिले के प्रशासनिक हलकों में यह परिवर्तन चर्चा का विषय बना हुआ है। जनपदवासी उम्मीद जता रहे हैं कि नई जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना के नेतृत्व में बस्ती में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी, साथ ही आम जनता से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।

शिवेश शुक्ला मंडल ब्यूरो चीफ, बस्ती (जिला नज़र सोशल & प्रिंट मीडिया न्यूज़ नेटवर्क) शिवेश शुक्ला एक प्रतिबद्ध और अनुभवी पत्रकार हैं, जो पत्रकारिता में 10 वर्षों की दक्षता रखते हैं। बीते 5 वर्षों से 'जिला नज़र' में मंडल ब्यूरो चीफ पद पर कार्यरत हैं, वे निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ जनसरोकार से जुड़ी खबरों की मुखर आवाज बने हुए हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version