आगरा: आगरा जनपद के थाना बाह क्षेत्र में शनिवार देर रात एक तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार एक ही परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उसकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घटना जरार स्थित कृष्णा होटल के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। घायलों की पहचान ज्ञान देवी (42 वर्ष, पत्नी हुकम सिंह), कविता (18 वर्ष, पुत्री हुकम सिंह) और रेखा (10 वर्ष, पुत्री हुकम सिंह) के रूप में हुई है। तीनों कुंअरखेड़ा (थाना बासौनी) की निवासी हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन की पहचान हो सके। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





