फिरोजाबाद। उत्तर थाना के बाहर शुक्रवार को एक अनोखा मामला सामने आया, जहां दो युवतियां एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं और घंटों सड़क पर हंगामा मचा दिया। दोनों करीब 20 वर्ष की हैं, उत्तर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं और एक ही कॉलेज से इंटर तक साथ पढ़ी हैं। पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी, जो इतनी गहरी हो गई कि वे एक-दूसरे से अलग नहीं रह पातीं।
परिजनों की सख्ती पर तीन माह पहले दोनों घर से भागकर हरियाणा चली गईं। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से बरामद कर घर भेजा था। दो दिन पहले एक युवती दूसरी के घर पहुंची, जिससे विवाद भड़क उठा। दोनों ने दावा किया कि उन्होंने भिवाड़ी (हरियाणा) के मोहन बाबा मंदिर में आपस में शादी रचा ली है। हालांकि, पुलिस के सामने कोई कानूनी प्रमाण (जैसे रजिस्टर्ड मैरिज सर्टिफिकेट) पेश नहीं कर सकीं।
परिजनों द्वारा अलग करने की कोशिश पर एक युवती ने खुदकुशी की धमकी दी। एक ने परिवार पर दबाव बनाने का आरोप लगाया, जबकि दूसरी ने जान का खतरा बताया। दोनों के पिता का देहांत हो चुका है, इसलिए परिजन सामाजिक लोक-लाज और परिवार की इज्जत का हवाला देकर समझाते रहे, लेकिन युवतियां टस से मस नहीं हुईं। थाने के बाहर एक दुकान पर बैठी दोनों को देखने के लिए राहगीरों का तांता लग गया। भीड़ वीडियो बनाती रही, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि युवतियों और परिजनों के बीच लंबी काउंसलिंग चली। अंततः दोनों को समझा-बुझाकर परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। फिलहाल किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है, इसलिए मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। पुलिस ने मामला संवेदनशील बताते हुए आगे कोई कानूनी कदम नहीं उठाया।











