मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में रमजान माह के प्रमुख पर्वों जुमा अलविदा एवं ईद-उल-फितर के दृष्टिगत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, सुदृढ़ यातायात प्रबंधन एवं चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने, त्योहार रजिस्टर का अवलोकन करने तथा पूर्व में आई समस्याओं के प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही, शरारती तत्वों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने और सोशल मीडिया पर पैनी निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।नगर निगम एवं संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने मस्जिदों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नालों की सफाई कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत कराने को कहा गया।विद्युत विभाग को खुले ट्रांसफॉर्मरों की बैरिकेडिंग एवं लटके तारों को दुरुस्त कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को महत्वपूर्ण स्थानों पर स्वास्थ्य टीम, एम्बुलेंस एवं मोटरसाइकिल एम्बुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को संवेदनशील स्थानों पर गाड़ियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग एवं दुकानदारों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए गए।एसपी यातायात को रूट डायवर्जन की जानकारी मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित कराने, संपूर्ण रूट का निरीक्षण करने तथा आवश्यकता अनुसार ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version