फतेहपुर सीकरी/आगरा। फतेहपुर सीकरी स्थित ऐतिहासिक स्मारक के बादशाही दरवाजे के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विदेशी महिला पर्यटक अचानक तबीयत खराब होने के कारण गिर पड़ी। गिरने से महिला के माथे के पास चोट आ गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल सहायता प्रदान की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल महिला पर्यटक का नाम रोज मेरी है, जो लंदन (यूके) की निवासी हैं और उनकी उम्र लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है। वह अपने लगभग 15 सदस्यीय पर्यटक समूह के साथ एक गाइड के माध्यम से फतेहपुर सीकरी भ्रमण पर आई थीं। भ्रमण समाप्त कर लौटते समय बादशाही दरवाजे के पास अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर पड़ीं।

घटना के तुरंत बाद एसआईएस सुरक्षा कमांडर मुकेश यादव ने गोल्फ कार्ट स्टाफ की मदद से घायल महिला पर्यटक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनके माथे पर टांके लगाकर प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उपचार के बाद महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है।

महिला पर्यटक के गाइड ने बताया कि पर्यटक दल पहले आगरा के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर फतेहपुर सीकरी आया था और यहां से वे सभी राजस्थान के लिए रवाना होने वाले थे। समय रहते उपचार मिलने से किसी भी प्रकार की गंभीर स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

रिपोर्ट दिलशाद समीर

error: Content is protected !!
Exit mobile version