मथुरा।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को जनपद मथुरा के वृन्दावन स्थित पवनहंस हेलीपैड पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्प भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत करने वालों में गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक पूरन प्रकाश, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे श्री मलूक पीठ आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने समाधि स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर संतों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा सम्पन्न कराई गई। आश्रम में मौजूद संतों एवं महंतों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।इसके बाद मुख्यमंत्री ने मलूकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शंकर के दर्शन किए। यहां 21 बटुक ब्राह्मणों द्वारा स्वस्तिवाचन किया गया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धा के साथ पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे मलूकपीठ गौशाला पहुंचकर गौ-पूजन एवं गौ-सेवा की। उन्होंने गायों को गुड़ और केला खिलाया तथा विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर आयोजित श्रीमद् जगदगुरु द्वाराचार्य श्री मलूकदास जी महाराज की 452वीं जयंती महोत्सव में भी मुख्यमंत्री ने सहभागिता की।कार्यक्रम स्थल पर संत-महात्माओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें श्री बांके बिहारी जी का चित्रपट एवं चांदी की बांसुरी भेंट की। मुख्यमंत्री ने मंचासीन संतों को शॉल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया।इस दौरान ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं एसएसपी श्लोक कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।


























