अलीगंज/एटा। सी.बी.एस.ई. सीनियर सेकेंडरी (10+2) मान्यता प्राप्त जी.डी. इंटरनेशनल स्कूल, अलीगंज नगर में आयोजित त्रिदिवसीय वार्षिक खेल उत्सव के अंतिम दिन का भव्य आयोजन उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। अंतिम दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में एसडीओ अलीगंज अतुल कुमार, बीडीओ शिव शंकर शर्मा, डी.डी.एम. नावार्ड पवन कुमार तथा इंस्पेक्टर अलीगंज निर्दोष सिंह सेंगर उपस्थित रहे। विद्यालय के संस्थापक सुल्तान सिंह यादव तथा उप प्रबंधक यश कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। छात्र-छात्राओं ने गार्ड ऑफ ऑनर और पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। तत्पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर खेल महोत्सव के अंतिम दिवस का शुभारंभ किया।
सीनियर कक्षा की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने सभी का मन मोह लिया। अपने संबोधन में एस.डी.ओ. अलीगंज अतुल कुमार ने कहा कि खेल-कूद जीवन का अभिन्न अंग है। प्रतिस्पर्धा से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और समूह में कार्य करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि बच्चे जिस भी खेल में खुद को सक्षम महसूस करते हैं, उसमें अपना कैरियर बना सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
विद्यालय के उप निदेशक यश कुमार ने सभी अतिथियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता, खेल भावना व टीम वर्क को बढ़ावा मिलता है। अंतिम दिन आयोजित प्रतियोगिताओं चम्मच दौड़, जलेबी दौड़, कबड्डी, रस्सा-खींच, टाइक्वांडो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, खो-खो, जेवलिन थ्रो, कंगारू रेस आदि में छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
रस्सा-कसी में सीनियर लड़कों में ग्रीन हाउस, जूनियर लड़कों में येलो हाउस, सीनियर लड़कियों में रेड हाउस तथा जूनियर लड़कियों में येलो हाउस विजयी रहे। विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती सुधा यादव ने कहा कि खेल में अनुशासन और निरंतरता आवश्यक है। हार और जीत खेल का हिस्सा है, इसलिए खिलाड़ियों को हमेशा सीखते हुए आगे बढ़ना चाहिए। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य एस.पी. सिंह, हर्षवर्धन पीटीआई कुलदीप कुमार प्रदीप सिंह, नीलम राठौर सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं। खेल उत्सव का समापन उत्साह, उमंग और उपलब्धियों के साथ सम्पन्न हुआ।
- रिपोर्ट – सुनील गुप्ता





