फतेहपुर सीकरी/आगरा: कस्बे में बुधवार की शाम को मंदिरों और घरों में गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शाम होते ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की, वहीं कई श्रद्धालुओं ने अपने घरों पर भी गोवर्धन पर्वत की प्रतिकृति बनाकर पूजा की।
महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर पूजा थाल सजाए और गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर अन्नकूट का आयोजन किया। भक्तों ने दीपक जलाकर भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की आराधना की। पूजा के बाद मंदिरों में प्रसाद वितरण किया गया।
बच्चों और युवाओं में भी इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर के पुजारी ने बताया कि यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र के अभिमान को तोड़ने और गोवर्धन पर्वत की पूजा करने की स्मृति में मनाया जाता है।
- रिपोर्ट – दिलशाद समीर






