🔹मेटा से मिले अलर्ट पर आगरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र का मामला
जिला नजर | संवाददाता
_________________
फतेपुर सीकरी /आगरा। सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने की चाह में एक युवती द्वारा आत्महत्या से जुड़ा फर्जी वीडियो पोस्ट करने का मामला सामने आया है। मेटा (Meta) प्लेटफॉर्म से प्राप्त अलर्ट के आधार पर आगरा पुलिस कमिश्नरेट की सोशल मीडिया सेल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवती तक पहुंचकर उसकी कुशलता सुनिश्चित की और काउंसलिंग की।
जानकारी के अनुसार 5 मार्च को सोशल मीडिया सेल को सूचना मिली कि थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र की एक युवती ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ‘ऑल आउट’ (कीटनाशक) पीने का वीडियो पोस्ट किया है, जिस पर ‘Ab Krna block’ लिखा हुआ था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सोशल मीडिया सेल ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस टीम युवती के निवास पर पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि युवती ने केवल सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने और चर्चा में आने के उद्देश्य से आत्महत्या का फर्जी वीडियो बनाया था। पुलिस ने युवती की काउंसलिंग कर भविष्य में इस प्रकार की हरकत दोबारा न करने की चेतावनी दी। फिलहाल युवती पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ है।
युवती के परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
आगरा पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए अपने जीवन को जोखिम में डालने या भ्रामक जानकारी फैलाने जैसी गतिविधियां न करें, क्योंकि इस प्रकार के कृत्य कानूनन दंडनीय हैं।























