मथुरा।बीते 15 दिनों से धर्मनगरी मथुरा में फीचर फिल्म ‘नैन’ की शूटिंग जोरों पर चल रही थी, जो अब पूर्ण हो चुकी है। यह फिल्म एक 5 वर्षीय दृष्टिहीन बच्ची की मार्मिक कहानी पर आधारित है, जिसकी माँ अपनी बेटी को आंखें दिलाने के लिए हर संभव संघर्ष करती है। फिल्म के माध्यम से समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता का संदेश देने का प्रयास किया गया है।फिल्म में नन्ही बच्ची ‘नैन’ का किरदार मिष्टी ने निभाया है, जबकि उसकी माँ की भूमिका मेघना पांचाल अदा कर रही हैं। वहीं एडवोकेट मानसी का अहम किरदार राजश्री त्रिवेदी ने निभाया है। फिल्म का निर्देशन मथुरा के चर्चित निर्देशक प्रकाश सैनी कर रहे हैं, जिनकी हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म “क्रैब इन अ बकेट” को भी सराहना मिली है।फिल्म की कहानी सुनीता अग्रवाल द्वारा लिखी गई है और इसका निर्माण दिल्ली स्थित प्रोडक्शन हाउस “फैसवा कम्यूनिकेशन” के निर्माता योगेश अग्रवाल के निर्देशन में किया जा रहा है। फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर मथुरा के वरिष्ठ पत्रकार गौरव शर्मा हैं।शूटिंग मथुरा के प्रमुख स्थलों—बंगाली घाट, विश्राम घाट, होली गेट और डैम्पियर नगर—में की गई। फिल्म निर्माण से जहां मथुरा का नाम देशभर में प्रसारित हो रहा है, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिले हैं।लेखिका सुनीता अग्रवाल ने बताया कि मथुरा में शूटिंग का अनुभव उनके लिए बेहद सुखद रहा। यहां के लोगों के सहयोग और आत्मीय व्यवहार ने उनका दिल जीत लिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फिल्म की ओपनिंग मथुरा से ही की जाएगी और उनकी अगली फिल्म की शूटिंग भी यहीं होगी।फिल्म यूनिट के कलाकारों और तकनीकी टीम ने मथुरा के स्वाद का भी आनंद लिया। होली गेट की कचौरी-जलेबी, गोंसाई की रबड़ी और पेड़े तथा अरोड़ा की चाय सभी को बेहद पसंद आई। मुंबई से आए सिनेमैटोग्राफर सोनू पासवान ने भी मथुरा की लोकेशन्स की सराहना करते हुए भविष्य में दोबारा यहां शूटिंग करने की इच्छा जताई।निर्माता योगेश अग्रवाल ने मथुरा वासियों से अपील की है कि फिल्म रिलीज़ होने पर वे सिनेमाघरों में जाकर ‘नैन’ अवश्य देखें, ताकि भविष्य में और भी फिल्मों की शूटिंग मथुरा में हो सके और स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर मिलें।







