जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। अलीगढ प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने सूतमील-भांकरी मार्ग पर चल रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि कार्य पूर्ण पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुसार चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 28 मार्च को राजस्व विभाग के साथ संयुक्त रूप से सरकारी भूमि का चिन्हांकन किया गया था तथा स्थानीय निवासियों को पूर्व में ही अवैध अतिक्रमण स्वेच्छा से हटाने के लिए सूचित कर दिया गया था। प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए अधिकांश अतिक्रमणकर्ताओं ने 4 अप्रैल तक स्वयं ही अतिक्रमण हटा लिया।
इसी क्रम में एक पुरानी एवं जर्जर दुकान, जो मिट्टी के गारे से निर्मित थी, को हटाने के दौरान आवश्यक संरचनात्मक सावधानी न बरतने के कारण 7 अप्रैल की रात्रि में उसका आंशिक भाग गिर गया। अधिशासी अभियंता ने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थल पर नाले का निर्माण कार्य 6 अप्रैल को ही पूर्ण हो चुका था, ऐसे में इस घटना का निर्माण कार्य से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है।
उन्होंने बताया कि कार्य के दौरान एक समय में सीमित क्षेत्र में ही खुदाई की जा रही है और खुदाई के तुरंत बाद निर्माण कार्य पूरा कराया जा रहा है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना में लोक निर्माण विभाग की कोई लापरवाही नहीं पाई गई है।
उन्होंने कहा कि संबंधित दुकान पहले से ही जर्जर स्थिति में थी और अतिक्रमण हटाने के दौरान बरती गई असावधानी के कारण यह घटना हुई। उल्लेखनीय है कि आसपास की अन्य दुकानों, जिनमें एक पार्षद की दुकान भी शामिल है, को कोई क्षति नहीं पहुंची।























