जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। विश्व होम्योपैथिक दिवस के उपलक्ष्य में होम्योपैथिक विज्ञान के जन्मदाता डॉ. सैमुअल हेनीमैन के 271वें जन्मदिवस पर होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन, अलीगढ़ (रजि.) द्वारा स्थानीय होटल ऑर्चिड ब्लू, रामघाट रोड पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. हेनीमैन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रमोद गुप्ता -चेयरमैन विजडम पब्लिक स्कूल व अध्यक्ष रोटरी क्लब, अलीगढ़, एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में गौरव सिंघल -जिलाध्यक्ष सेवा भारती, हरिगढ़, तथा डॉ. गौरव मित्तल -संयुक्त महामंत्री, लघु उद्योग भारती, उत्तर प्रदेश, उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि प्रमोद गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति सस्ती, प्रभावी और कम दुष्प्रभाव वाली है, इसलिए इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
विशिष्ट अतिथि गौरव सिंघल ने कहा कि आज अधिकांश परिवारों में होम्योपैथिक दवाएं घर पर उपलब्ध रहती हैं। वहीं डॉ. गौरव मित्तल ने कोविड काल का उल्लेख करते हुए बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा सुझाई गई दवा “आर्सेनिक एल्बम” का व्यापक उपयोग हुआ।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजीव लोचन उपाध्याय ने बताया कि देश में करीब साढ़े तीन लाख होम्योपैथिक चिकित्सक व 275 अस्पताल पंजीकृत हैं। सचिव डॉ. गार्गी गोयल ने बताया कि लगभग 9000 औषधालय देश में संचालित हैं, जो मरीजों को उपचार प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम में जनपद के वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. शिव कुमार गौड़ को उनकी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए “डॉ. वी.एन. पॉल होम्यो श्री अवार्ड” से सम्मानित किया गया। वहीं होम्योपैथिक दवा वितरक होम्यो पॉइंट के संचालक दीपक शर्मा को “संदीप पाराशर मेमोरियल अवार्ड” प्रदान किया गया।

इस अवसर पर विभिन्न दवा कंपनियों द्वारा स्टॉल लगाए गए और आए हुए प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।























