मुरैना/मप्र: पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मुरैना द्वारा पशुपालन एवं पशु कल्याण जागरूकता माह का आयोजन 14 जनवरी से 13 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। इस अवधि के अंतर्गत जिले के स्कूलों एवं कॉलेजों में संगोष्ठियाँ, युवा संवाद कार्यक्रम तथा विभागीय दलों द्वारा भ्रमण कर छात्र-छात्राओं एवं आमजन को पशुपालन संबंधी जानकारी प्रदान की जा रही है।
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार शुक्रवार, 6 फरवरी 2026 को जिला पशु चिकित्सालय, मुरैना में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के दौरान श्वानों को निःशुल्क डिवॉर्मिंग दवा एवं एन्टी-रेबीज टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मुरैना के उपसंचालक डॉ. बी.के. शर्मा ने जिले के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने श्वानों को निःशुल्क एन्टी-रेबीज का टीका अवश्य लगवाएँ, जिससे रेबीज जैसी घातक बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
इसके अतिरिक्त, 03 फरवरी से 13 फरवरी 2026 के मध्य प्रत्येक विकासखण्ड में विकासखण्ड पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रति विकासखण्ड दो ग्रामों में विकासखण्ड स्तरीय संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इन संगोष्ठियों के माध्यम से पशुपालकों को नस्ल सुधार, पशु पोषण, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, विभागीय योजनाओं, डेयरी पालन एवं बकरी पालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की जाएँगी।
- रिपोर्ट – जिला ब्यूरो चीफ मुरैना मुहम्मद इसरार खान

