फतेहपुर सीकरी/आगरा। स्थानीय मंडी समिति में 1 अप्रैल से शुरू हुई लेवी प्रक्रिया के दौरान किसानों के नाम दर्ज न किए जाने के आरोप को लेकर बृहस्पतिवार को किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मंडी परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही।
किसानों का कहना है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने नाम दर्ज कराने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें वारदाना (बोरी) की कमी का हवाला देकर वापस भेजा गया। किसानों ने आरोप लगाया कि बाद में रजिस्टर में पहले से ही लगभग 100 नाम दर्ज पाए गए, जिससे पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हुए।
मौके पर मौजूद मार्केटिंग इंस्पेक्टर और किसानों के बीच इस मुद्दे को लेकर तीखी बहस भी हुई। किसानों ने निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मार्केटिंग इंस्पेक्टर ने किसानों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि प्रक्रिया नियमों के अनुसार ही संचालित की जा रही है और किसी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है।
प्रदर्शन के दौरान कृष्णा चौधरी, समुद्र सिंह (सरपंच), हरजीत (सरपंच), प्रवेंद्र सिंह, यशपाल सिंह, जवाहर सिंह, भानुप्रताप सिंह सहित कई किसान उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही।
रिपोर्ट – दिलशाद समीर























