आगरा: आगरा के बरहन थाना क्षेत्र में पुराने थाना कस्बे की एक मिठाई की दुकान पर नाश्ता कर रहे दो पक्षों के बीच रविवार को मामूली कहासुनी ने हिंसक मोड़ ले लिया। देखते ही देखते विवाद हाथापाई, लाठी-डंडों और फिर भीषण पथराव तक पहुंच गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर पहले तीखी नोकझोंक हुई। बात बढ़ने पर एक-दूसरे पर हाथ चलने लगे और फिर लाठी-डंडे निकल आए। हालात तब और बिगड़ गए जब दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव इतना तेज था कि आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए इलाके में ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया।
घटना के दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई दुकानों के शटर जल्दी-जल्दी गिरा दिए गए। सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पथराव करने वाले दोनों पक्ष फरार हो चुके थे।
बरहन थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल इलाके में शांति है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरे मामले की गहन जांच चल रही है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि उपद्रवियों की पहचान हो सके। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।

