बरसाना (मथुरा)।बरसाना थाना क्षेत्र के सहार गांव में रविवार को एक मंदिर सेवायत पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर सेवायत को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।जानकारी के अनुसार सहार गांव स्थित राधा बल्लभ मंदिर में सेवायत के रूप में कार्यरत 42 वर्षीय गूंगा बाबा मंदिर परिसर के निकट मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार से कई वार किए,जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।घटना की सूचना मिलते ही बरसाना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल सेवायत को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।चिकित्सकों के अनुसार गूंगा बाबा की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।
























