• भानू सहाय बोले— वर्षों से वादाखिलाफी का शिकार बुंदेलखंड, अलग राज्य ही समस्याओं का स्थायी समाधान
गुरसरांय (झांसी)। बुंदेलखंड राज्य के निर्माण की मांग को लेकर निकाली जा रही जन आक्रोश रथ यात्रा बुधवार को गुरसरांय के मोदी चौराहे पहुंची, जहां स्थानीय नागरिकों, किसानों और मजदूरों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर यात्रा का जोरदार स्वागत किया। बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा (गैर राजनीतिक संस्था) के यात्रा अध्यक्ष भानू सहाय के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में क्षेत्रीय लोगों का उत्साह और समर्थन देखने को मिला।
यात्रा के स्वागत में बुंदेलखंड किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ‘पप्पू पुरैनिया’ के नेतृत्व में किसानों और मजदूरों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान यात्रा के अध्यक्ष भानू सहाय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्षों से बुंदेलखंड राज्य के निर्माण को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन सत्ता में आने के बाद नेताओं ने उन्हें भुला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता उमा भारती से लेकर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रधानमंत्री तक ने अलग बुंदेलखंड राज्य का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक यह वादा पूरा नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र आज भी पानी की कमी, बेरोजगारी, पलायन, सिंचाई संकट और विकास के अभाव जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। इन समस्याओं का स्थायी समाधान केवल पृथक बुंदेलखंड राज्य के गठन से ही संभव है।
बताया गया कि जन आक्रोश रथ यात्रा अब तक चित्रकूट, बांदा, पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़, ललितपुर, दतिया, जालौन, हमीरपुर और महोबा सहित 11 जिलों में पहुंचकर जनसमर्थन जुटा चुकी है और अब अपने 14वें जिले में प्रवेश कर चुकी है। गुरसरांय से यह यात्रा आगे मोठ की ओर रवाना हुई। यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल होकर आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं।























