दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। समाजवादी पार्टी की पूर्व प्रत्याशी रूपाली दीक्षित ने मतदाता सूची में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है। उन्होंने बताया कि शंकरपुर, गढ़ी सदाशिव, गढ़ी भगतू, गढ़ी अडू, अमूकापुरा, जमुना गली, आजाद गली, कानूनगोयान, ब्यानी माटी, खांदर का पुरा एवं हिरणपुर समेत कई क्षेत्रों में मतदाताओं का अनुभागवार सही विभाजन नहीं किया गया है। कई स्थानों पर केवल प्रथम पृष्ठ पर नाम दर्ज हैं, जबकि पूरी सूची व्यवस्थित रूप से उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने कहा कि सैकड़ों मतदाताओं को बिना किसी स्पष्ट आधार के अन्य अनुभागों में स्थानांतरित कर दिया गया है, जिससे मतदान के दिन मतदाताओं को अपने वास्तविक मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है और अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है।
रूपाली दीक्षित ने डाटा एंट्री प्रक्रिया में भी गंभीर त्रुटियों की ओर इशारा करते हुए इसे लापरवाही या जल्दबाजी में किया गया कार्य बताया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को अवगत कराने के साथ ही अब चुनाव आयोग से भी शिकायत की गई है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।























