बस्ती। सनातन धर्म चेतना चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री कर्णेश्वर नाथ मंदिर परिसर में भव्य, धार्मिक आयोजनों का सफल आयोजन किया गया। पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा और वातावरण “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः ब्रह्ममुहूर्त में भगवान भोलेनाथ की वैदिक विधि-विधान से मंगल आरती के साथ हुआ। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इसके उपरांत पूर्व से अनवरत चल रहे श्री सीताराम नाम जप के पावन पाठ की विधिवत पूर्णाहुति सम्पन्न की गई। नाम जप पूर्ण होने के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं, साधकों एवं आगंतुकों ने श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया।
ट्रस्ट द्वारा की गई सुनियोजित व्यवस्था के अंतर्गत विभिन्न पवित्र तीर्थ स्थलों से लाई गई मिट्टी से श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया गया। यह दृश्य भक्तों के लिए अत्यंत भावविभोर करने वाला रहा। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और घंटा- घड़ियाल की ध्वनि के बीच शिवलिंग की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा सम्पन्न की गई। इसके पश्चात सामूहिक रुद्राभिषेक का शुभारंभ हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ सहभागिता कर पुण्यलाभ अर्जित किया।
रुद्राभिषेक अनुष्ठान का संचालन आचार्य वेद प्रकाश त्रिपाठी, ट्रस्ट अध्यक्ष राजेश मिश्र एवं आचार्य रवि तिवारी के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। वैदिक मंत्रों की गूंज और भक्तों की एकाग्र साधना से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया। श्रद्धालुओं ने जल, दुग्ध, दधि, घृत, मधु एवं गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर परिवार, समाज एवं राष्ट्र के कल्याण की कामना की।
रुद्राभिषेक सम्पन्न होने के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए फलाहारी जलपान प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की व्यवस्थाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
सायंकालीन बेला में भगवान भोलेनाथ का भव्य एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। दीपों की जगमगाहट, पुष्पों की सुगंध और भक्ति संगीत ने पूरे मंदिर प्रांगण को अलौकिक स्वरूप प्रदान किया। इसके पश्चात 56 भोग प्रसाद का दिव्य आयोजन सम्पन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष राजेश मिश्र ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर की असीम कृपा और प्रेरणा से ऐसे दिव्य आयोजन प्रतिवर्ष सफलतापूर्वक सम्पन्न हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ट्रस्ट द्वारा धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम और अधिक भव्यता एवं व्यापक सहभागिता के साथ आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी से धर्म, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
आयोजन को सफल बनाने में आचार्य वेद प्रकाश त्रिपाठी, संतोष मिश्रा, विशाल मिश्रा (एडवोकेट), सौरभ कुमार बोस, विशाल पाण्डेय, अनूप मिश्रा, पंडित रवि त्रिपाठी सहित अनेक सहयोगियों का विशेष योगदान रहा, जिनके प्रति ट्रस्ट ने कृतज्ञता व्यक्त की।
रुद्राभिषेक एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में ओमप्रकाश ठाकुर, राजेन्द्र गौड़, शैलेष कुमार श्रीवास्तव (एडवोकेट), मीना, सरिता पाण्डेय, राकेश चन्द्र श्रीवास्तव, प्रदीप चन्द्र पाण्डेय, महेंद्र तिवारी, निखिल, प्रमोद कमलापुरी, अरुण भारती गोस्वामी सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सपरिवार सहभागिता कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

शिवेश शुक्ला मंडल ब्यूरो चीफ, बस्ती (जिला नज़र सोशल & प्रिंट मीडिया न्यूज़ नेटवर्क) शिवेश शुक्ला एक प्रतिबद्ध और अनुभवी पत्रकार हैं, जो पत्रकारिता में 10 वर्षों की दक्षता रखते हैं। बीते 5 वर्षों से 'जिला नज़र' में मंडल ब्यूरो चीफ पद पर कार्यरत हैं, वे निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ जनसरोकार से जुड़ी खबरों की मुखर आवाज बने हुए हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version