आगरा: जिले के बाह क्षेत्र के जैतपुर और इटावा जिले के उदी मोड़ के बीच एक नया जैन तीर्थधाम विहसंत सागर तीर्थधाम जल्द आकार लेगा। इसकी भूमि पूजन एवं महाशिलान्यास समारोह 15 मार्च 2026 को प्रातः 9 बजे से शुरू होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और वैदिक-जैन विधि से शिलान्यास करेंगे।
यह आयोजन श्री विहसंत सागर चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में होगा। रविवार को आगरा के बोदला स्थित सेक्टर-7, श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आधिकारिक जानकारी दी गई। मेडिटेशन गुरु उपाध्याय श्री विहसंत सागर मुनिराज ने बताया कि यह तीर्थधाम साधु-संतों के ध्यान, अध्ययन, तपस्या, आहारचर्या और आत्मकल्याण के लिए एक विशेष आध्यात्मिक केंद्र बनेगा। इस अवसर पर आयोजन से जुड़ी विशेष पत्रिका का भी विमोचन हुआ।
उन्होंने कहा कि यह जैन समाज के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा महाशिलान्यास समारोह होगा, जिसे लेकर देश-विदेश में अपार उत्साह है। आगरा के जैन समाजजन और ट्रस्टी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और इसे ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
12 निर्माण कार्यों का एक साथ शिलान्यास लगभग 4 बीघा (242 × 150 फीट) क्षेत्र में विकसित होने वाले इस परिसर में एक साथ 12 महत्वपूर्ण निर्माण का शिलान्यास होगा। यहां विश्व की सबसे ऊंची उन्नीसवें तीर्थंकर भगवान मल्लिनाथ जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही भू-गर्भ से प्राप्त लगभग 1800 वर्ष प्राचीन श्री आदिनाथ भगवान की दुर्लभ प्रतिमा की विधिवत प्रतिष्ठा होगी।
41 फीट ऊंचा 72 मूर्तियों वाला मानस्तंभ तीर्थ की गरिमा बढ़ाएगा।
परिसर में प्रमुख सुविधाएं
- विशाल जैन मंदिर
- संत भवन
- गौशाला
- आश्रय भवन
- अस्पताल
- गुरुकुल
- संग्रहालय
- यात्री निवास
- भोजनालय
- संतों की आहारशाला
- वाटिका
- समाधि स्थल
- मेडिटेशन टेंपल
ये सुविधाएं श्रद्धालुओं और साधु-संतों के लिए प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र बनेंगी।
देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचेंगे शिलान्यास में दिल्ली, मुरैना, धौलपुर, भिंड, जबलपुर, इंदौर, भोपाल, छिंदवाड़ा, सागर, गुना, शिवपुरी, मैनपुरी, कुरावली, करहल, लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, कानपुर, बाराबंकी, ग्वालियर, आगरा, शमशाबाद, फतेहाबाद, बाह, राजाखेड़ा, डबरा, गोहद आदि से सैकड़ों बसों से श्रद्धालु पहुंचेंगे। देश-विदेश से भी बड़ी संख्या में जैन समाजजन शामिल होंगे।
यह तीर्थधाम जैन तीर्थ शौरीपुर से करीब 50 किमी दूर है, जो इसका धार्मिक महत्व और बढ़ाता है। संपूर्ण जैन समाज में उत्साह व्याप्त है।
कार्यक्रम के अंत में आगरा जैन समाज के मीडिया प्रभारी शुभम जैन और राहुल जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया। मौजूद रहे: विजय जैन, अनिल आदर्श जैन, महेश जैन, मगन कुमार जैन, राकेश जैन टीचर, दीपेश जैन, विपुल जैन, मोहित जैन, सुनील कुमार जैन, योगेश जैन, पारस जैन कांसल, मनोज जैन बल्लो, सुमेरचंद पांडया सहित आगरा जैन समाज के लोग।





