जिला नजर संवाददाता
आगरा। साधनों की कमी के बावजूद हौसले और मेहनत के दम पर चमरौली गांव की सुनीता कुमारी ने बड़ा मुकाम हासिल किया है। पिता चूरामन सिंह की बेटी सुनीता का चयन स्कूल नेशनल अंडर-17 यूपी टीम में हुआ है, जिससे गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सुनीता ने कठिन परिस्थितियों में लगातार अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निखारा। ड्रीम क्रिकेट एकेडमी से प्रशिक्षण लेकर उन्होंने अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। अब वह रोहतक (हरियाणा) में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
परिवार, कोच और ग्रामीणों ने सुनीता की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। यह चयन न सिर्फ उनकी मेहनत का परिणाम है, बल्कि ग्रामीण बेटियों के लिए प्रेरणा भी है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।























