•कमलानगर में भी सड़क किनारे खड़ी आल्टो कार धू-धू कर जली,
•दमकल ने पाया आग पर काबू
आगरा(संवाददाता)। ताज नगरी में सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर खड़ी कारों में आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया।
पहली घटना जनपद न्यायालय दीवानी परिसर की पार्किंग में हुई, जहां कूड़े में लगी आग फैलकर एक अधिवक्ता की कार तक पहुंच गई।
आग को फैलते देख दीवानी की सुरक्षा में तैनात एसएसएफ जवान राहुल सारस्वत ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
उन्होंने उपभोक्ता फोरम न्यायालय कक्ष से पानी लाकर कंबल भिगोया और आग पर डालकर उसे काबू में करने का प्रयास किया। इसके बाद बाल्टियों से पानी डालते हुए कार को धक्का देकर अन्य खड़ी गाड़ियों से दूर कर दिया। उनकी तत्परता से पार्किंग में खड़ी अन्य कारें आग की चपेट में आने से बच गईं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया। हालांकि आग में कार का एक टायर और पेट्रोल टैंक के पास का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान कुछ लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए।
वहीं दूसरी घटना थाना कमलानगर क्षेत्र में हुई। कमला नगर निवासी कृष्ण पचौरी की लाल रंग की आल्टो कार में अचानक आग लग गई। बताया गया कि उन्हें रास्ते में कार की वायरिंग से जलने की बदबू आई, जिस पर उन्होंने गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर दी। कुछ ही देर बाद कार में आग भड़क उठी और देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी।























