मुरैना/मप्र। जिले की नवीन तहसील में लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वतखोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक (आरआई) राकेश जैन को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जाति प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, गोपियापुरा निवासी शिकायतकर्ता संतोष सिंह कुशवाहा ने लोकायुक्त से शिकायत की थी कि राजस्व निरीक्षक द्वारा जाति प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में 2000 रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत में यह भी बताया गया कि 19 फरवरी 2026 को आरोपी द्वारा 500-500 रुपये दो बार लिए जा चुके थे।
शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। मंगलवार को जब आरोपी शेष 1000 रुपये ले रहा था, तभी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद नवीन तहसील कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई।
लोकायुक्त द्वारा आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है और आगे की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी।
- रिपोर्ट – जिला ब्यूरो चीफ मुरैना – मुहम्मद इसरार खान





